दो फरार कुख्यात बदमाश गिरफ्तार,आरोपियों पर हत्या के प्रयास के 6 मामले दर्ज

देहरादून। पिछले काफी समय से हत्या के प्रयास के 6 मामलों में फरार चल रहे दो कुख्यातों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जिनके पास से तीन तमंचे व 10 कारतूस बरामद किये गये है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अजय सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्तराखण्ड-उत्तर प्रदेश में सक्रिय गैंग का नेटवर्क ध्वस्त करने में एसटीएफ को सफलता प्राप्त हुई है। एसटीएफ व थाना रूद्रपुर पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाते हुए दो शातिर अपराधियों को तीन तमंचे व 10 कारतूस सहित गिरफ्तार कर लिया गया है। जिनके नाम जितेन्द्र वीरत चौधरी पुत्र रामचन्द्र चौधरी निवासी सुभाषनगर डिबडिबा, थाना बिलासपुर, जिला रामपुर (उ.प्र.) व सुमित राठौर पुत्र जसवन्त सिंह निवासी आजादनगर, थाना ट्रांजिट कैम्प, जनपद ऊधमसिंह नगर (उत्तराखण्ड) बताये जा रहे है। एसएसपी एसटीएफ द्वारा बताया गया कि यूपी-उत्तराखण्ड बॉर्डर पर सक्रिय दो आपराधिक गैंगों का नेटवर्क ध्वस्त किया गया। कुमायूँ क्षेत्र में संभावित कई बड़ी आपराधिक वारदातों को समय रहते विफल किया गया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं, जिन पर दोनों राज्यों में गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ के दौरान अवैध हथियारों की सप्लाई चेन से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग भी हाथ लगे हैं, जिनके आधार पर आगे भी बड़ी कार्रवाई किये जाने के निर्देश दिए गये हैं।