HTML tutorial
HTML tutorial

चंद्रबनी क्षेत्र में हड़कंप: श्मशान घाट के पास नाले में अज्ञात शव मिलने से लोग दहशत में, मामले की जांच में जुटी पटेलनगर पुलिस

देहरादून, 13 फ़रवरी । देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में शुक्रवार को चंद्रबनी श्मशान घाट के पास नाले में एक अज्ञात पुरुष का शव मिलने से सनसनी फैल गई। कंट्रोल रूम से इस की सूचना मिलते ही कोतवाली पटेलनगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नाले से बाहर निकलवाया। फील्ड यूनिट की टीम ने घटनास्थल की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी की। प्रारंभिक निरीक्षण में मृतक के शरीर पर किसी प्रकार की स्पष्ट चोट या खरोंच के निशान नहीं पाए गए। पुलिस को मृतक के पास से कोई पहचान संबंधी दस्तावेज भी बरामद नहीं हुए। आसपास के लोगों से पहचान कराने का प्रयास किया गया, लेकिन शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस ने शव को कोरोनेशन अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। मामले की सभी संभावित पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि शव की शिनाख्त और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।