HTML tutorial
HTML tutorial

Kolkata Doctor Case 2024 : उत्तराखंड में आज डॉक्टरों ने किया 24 घंटे का कार्य बहिष्कार, ओपीडी सेवाएं रहेगी ठप, इमरजेंसी सेवा रहेगी बहाल….

कोलकाता में रेजिडेंट महिला डॉक्टर के साथ दुष्कर्म व हत्या के विरोध में देशभर में प्रदर्शन जारी है। वहीं उत्तराखंड में भी इसे लेकर डॉक्टरों द्वारा इंसाफ की आवाज उठाई जा रही है। जिसके चलते आज शनिवार से प्रदेशभर के डॉक्टर 24 घंटे का कार्य बहिष्कार करेंगे। जहाँ आज अस्पतालों में ओपीडी की सेवाएं पूरी तरह से ठप रहेंगी। जबकि इमरजेंसी, पोस्टमार्टम व वीआईपी ड्यूटी में डॉक्टरों की सेवाएं यथावत रहेगी।

जानकारी के अनुसार प्रांतीय चिकित्सा स्वास्थ्य सेवा संघ की बैठक हुई थी जिसमें शनिवार को कार्य बहिष्कार का निर्णय लिया गया है। दूसरी तरफ इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने भी कार्य बहिष्कार का ऐलान किया है। इसे लेकर प्रांतीय चिकित्सा स्वास्थ्य सेवा संघ के अध्यक्ष डॉ. मनोज वर्मा की अध्यक्षता में शुक्रवार को प्रदेशभर के डॉक्टरों की वर्चुअल बैठक हुई। इस बैठक में सभी जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारी शामिल हुए।

जहां बीते दिनों कोलकाता के मेडिकल कॉलेज में महिला डॉक्टर की दुष्कर्म के बाद हत्या होने पर देशभर के डॉक्टरों ने कड़ा विरोध किया। वहीं इसी के चलते डॉक्टरों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि शनिवार सुबह छह बजे से रविवार सुबह छह बजे तक 24 घंटे का कार्य बहिष्कार किया जाएगा। इस दौरान सभी अस्पतालों के डॉक्टर न तो ओपीडी कार्य करेंगे न ही सर्जरी करेंगे। हालांकि इमरजेंसी सेवाएं चलती रहेगी।

इसके अलावा संघ ने इस संबंध में सीएम को ज्ञापन प्रेषित किया। जिसमें उन्होंने सरकार के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी से हस्तक्षेप की मांग की। साथ ही सरकार को यह अवगत कराया कि प्रदेश के जिला, उप जिला चिकित्सालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टर व नर्सिंग स्टाफ चौबीस घंटे सेवाएं देते हैं। लेकिन, आज भी रात्रि ड्यूटी के दौरान महिला डॉक्टर और नर्सों की सुरक्षा के लिए ठोस उपाय नहीं है। यहाँ तक कि अस्पतालों में ड्यूटी रूम तक नहीं है। इस बैठक में प्रदेश महासचिव डॉ. रमेश कुंवर भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *