HTML tutorial
HTML tutorial

कर्णप्रयाग तलवार हमला प्रकरण: चारों निहंग आरोपितों को मिली जमानत, दो-दो जमानती पेश करने पर होगी रिहाई

देहरादून:कर्णप्रयाग में तलवार से जानलेवा हमले के चर्चित मामले में गिरफ्तार चारों निहंग आरोपितों को जिला एवं सत्र न्यायालय से जमानत मिल गई है। जिला एवं सत्र न्यायाधीश विंध्याचल सिंह की अदालत में बचाव और अभियोजन पक्ष के अधिवक्ताओं की विस्तृत बहस सुनने के बाद न्यायालय ने आरोपितों की जमानत याचिका स्वीकार करते हुए उन्हें सशर्त राहत प्रदान की।

न्यायालय के आदेश के अनुसार प्रत्येक आरोपित को 50-50 हजार रुपये के दो सक्षम जमानती प्रस्तुत करने होंगे। जमानत की औपचारिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही उनकी रिहाई संभव होगी।

जिन आरोपितों को जमानत मिली है, उनमें सतविंदर सिंह, अजय सिंह, जसप्रीत सिंह और मनप्रीत सिंह शामिल हैं। इन सभी को कर्णप्रयाग में हुए तलवार से जानलेवा हमले के मामले में गिरफ्तार किया गया था। घटना के बाद से मामला काफी चर्चाओं में रहा और पुलिस ने आरोपितों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजा था।

जमानत पर सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने आरोपितों को राहत दिए जाने की मांग की, जबकि अभियोजन पक्ष ने इसका विरोध करते हुए मामले की गंभीरता का हवाला दिया। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद न्यायालय ने निर्धारित शर्तों के साथ जमानत मंजूर कर दी।

अब सभी आरोपितों की रिहाई न्यायालय द्वारा निर्धारित शर्तों के अनुरूप जमानतदार प्रस्तुत किए जाने और अन्य आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद होगी। यह मामला क्षेत्र में लंबे समय से चर्चा का विषय बना हुआ है और न्यायालय के इस फैसले पर सभी की नजरें टिकी थीं।