HTML tutorial
HTML tutorial

Haridwar News: बाबा रामदेव ने की हरियाणा में ग्लोबल आचार्यकुलम स्थापना करने की घोषणा, कहा- सैनी सरकार करेगी इसमें सहयोग

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रविवार को योगगुरु बाबा रामदेव के हरिद्वार में स्थित आवासीय शिक्षण संस्थान आचार्यकुलम के 12वें वार्षिकोत्सव में शामिल हुए। इस दौरान सीएम नायब सिंह ने कहा कि योग गुरु बाबा रामदेव अपनी जन्मभूमि हरियाणा की धरती पर वर्तमान से सौ गुना अधिक क्षमता के ग्लोबल आचार्यकुलम, पतंजलि विश्वविद्यालय और वेलनेस निर्माण की योजना पर कार्य कर रहे हैं। वहीं हरियाणा सरकार भी इन परियोजनाओं की पूर्ति में पूरा सहयोग करेगी।

हरिद्वार आचार्यकुलम के 12वें वार्षिकोत्सव में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पहुंचे। इस मौके पर उन्होंने कहा कि आज का दिन हरियाणा के लिए गौरवशाली है। क्योंकि योग गुरु रामदेव हरिद्वार से बड़े पतंजलि के संस्थान हरियाणा में बनाने जा रहे हैं। इसके निर्माण के बाद हरियाणा में सभी देश से बच्चे शिक्षा ग्रहण करने तो आएंगे ही, इसी के साथ संस्कार भी उन्हें मिलेंगे, जो हरियाणा के लिए बहुत ही बड़ी बात है।

वहीं, इस दौरान योग गुरु स्वामी रामदेव ने हरियाणा में आचार्यकुलम स्थापना करने की घोषणा की। कहा कि इसकी आधारशिला जल्द ही हरियाणा में दिखने लगेगी। जहाँ पर एक लाख से अधिक बच्चे इस आचार्यकुलम में शिक्षा ग्रहण करेंगे। यह बच्चे किसी के साथ चरित्र निर्माण और किस तरह से देश के लिए कार्य कर सकते हैं, उनको यह सब सिखाया जाएगा। बाबा रामदेव ने कहा कि मुझे उम्मीद है कि हरियाणा में बनने वाला आचार्यकुलम विश्व का बहुत बड़ा केंद्र बनेगा।

इस कार्यक्रम में भगवान श्रीराम, श्रीकृष्ण, आचार्य चाणक्य, सम्राट चन्द्रगुप्त, विरजानंद, महर्षि दयानंद सहित स्वामी रामदेव व आचार्य बालकृष्ण के चरित्रों व नेतृत्व से संबधित प्रेरक झांकी का मंचन हुआ।

इसके अलावा, स्वामी रामदेव की ओर से सत्र 2023-24 के कक्षा 5-12 में प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 1.5 लाख रुपये के नकद पुरस्कार दिए गए। साथ ही विविध योग, क्रीड़ा व कला प्रतियोगिताओं में जीत हासिल करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। जबकि आदर्श विद्यार्थी सम्मान अनमोल व प्रतिभा को और सर्वश्रेष्ठ सदन का पुरस्कार आपस सदन ने जीता।

इस कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री प्रेम चंद्र अग्रवाल, स्वामी अवधेशानंद, स्वामी रवींद्रपुरी, स्वामी हरिचेतनानंद, हरियाणा भाजपा के संगठन महामंत्री फनेंद्रनाथ शर्मा, योग आयोग के अध्यक्ष जयदीप आर्य, श्यामवीर सैनी, भाजपा जिलाध्यक्ष शोभाराम प्रजापति, यूरोपियन अंतरराष्ट्रीय आपदा प्रबंधन के अध्यक्ष प्रो. रोबोटो, भारत में अंतराष्ट्रीय आपदा प्रबंधन के अध्यक्ष प्रो. आशुतोष मोहंती, आचार्यकुलम उपाध्यक्ष डॉ. ऋतंभरा शास्त्री सहित अन्य लोग भी शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *