Uttarakhand Election 2024: ड्रोन से की जाएगी प्रदेश के दुर्गम क्षेत्रों में निगरानी, मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने दिए ये निर्देश…

Uttarakhand: प्रदेश में आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर रविवार को सचिवालय में मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने प्रदेश के सभी डीएम और पुलिस अधीक्षकों की बैठक ली। यह बैठक वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई, जिसमें चुनाव तैयारियों की समीक्षा की गई।

इस बैठक के दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. पुरुषोत्तम ने सभी जनपदों में सकुशल मतदान संपन्न कराने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश दिए है । वहीं इसके साथ ही मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि प्रदेश में मतदान प्रथम चरण में ही होगा, इसे देखते हुए बूथ लेवल तक स्वीप गतिविधियों के साथ सभी जागरूकता कार्यक्रमों को और व्यापक स्तर पर चलाया जाना शुरू किया जाए।

वहीं दूसरी तरफ मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रदेश के उन सभी जनपद जो अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय सीमाओं से लगे हुए हैं, उनके चेकपोस्ट पर ज्यादा प्रभावी तरीके से निगरानी को बढ़ाई जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि इलेक्शन सीजर मैनेजमेंट सिस्टम (ईएसएमएस) में सभी एजेंसियां सीजर रिपोर्ट, इनरसेप्ट रिपोर्ट को जिम्मेदारी के साथ भरे। जिससे किसी भी प्रकार की गलती की गुंजाइश ना रहे। उन्होंने सभी जनपदों में स्टेटिक सर्विलांस टीमें विभिन्न माध्यमों से प्राप्त सूचनाओं को गंभीरता के साथ लेते हुए उन पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए है।

वहीं बैठक में मौजूद स्टेट नोडल ऑफिसर ( एक्सपेंडिचर एवं मॉनिटरिंग) मनमोहन मैनाली ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश में 1 मार्च से 16 मार्च तक के बीच 7 करोड़ रुपए से अधिक नकद धनराशि, अवैध शराब, मादक पदार्थ को सीज किया गया है। वहीं इसमें भी सबसे अधिक मात्रा मादक पदार्थ की मिली है। जबकि अपर पुलिस महानिदेशक एपी अंशुमान ने बताया कि प्रदेश के सभी जिलों में सुरक्षा बलों की तैनाती का प्लान तैयार हो गया है। वहीं इसके अलावा प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों में जो शैडो एरिया है, वहां संचार व्यवस्था को सुचारु तरीके से चलाने के लिए जिलों के एसएसपी व एसपी को निर्देशित कर दिया गया है। साथ ही एडीजी एपी अंशुमान ने कहा कि प्रदेश के दुर्गम इलाकों में ड्रोन कैमरों से मॉनिटरिंग की जाएगी।

इस बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी नमामि बंसल, प्रताप शाह, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तु दास समेत वर्चुअल माध्यम से सभी जिलाधिकारी, एसएसपी व एसपी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *