HTML tutorial
HTML tutorial

अमित शाह के दौरे को लेकर मुख्यमंत्री धामी ने परेड ग्राउंड का किया निरीक्षण

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को देहरादून के परेड ग्राउंड पहुंचकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर चल रही व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने मंच, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, पेयजल, स्वच्छता और अन्य आवश्यक जनसुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं बेहतर और सुव्यवस्थित रखी जाएं।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए, ताकि आयोजन के दौरान आमजन को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने प्रवेश एवं निकास मार्गों को व्यवस्थित रखने के साथ पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा।

मुख्यमंत्री धामी ने तैयारियों की प्रगति की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समय से पहले पूरी कर ली जाएं। आयोजन से जुड़े अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय हों और तैयारियों की नियमित समीक्षा की जाए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के सुचारु एवं सफल आयोजन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, सचिव शैलेश बगोली, विनय शंकर पांडेय सहित शासन एवं जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Post navigation