HTML tutorial
HTML tutorial

हरक के संन्यास का नाटक सिर्फ सहानुभूति बटोरने का पाखंडः महेंद्र भट्ट

देहरादून। भाजपा ने हरक सिंह रावत की राजनीति से संन्यास की धमकी को सहानुभूति बटोरने का पाखंड बताया है।

प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने तंज कसा कि जनता जिन्हें दोषी मानती है उन्हें खुद राजनीति से बेदखल कर देती है, हरीश रावत और कांग्रेस पार्टी इसका ताजा उदाहरण है। पार्टी अंतिम सच सामने आने तक उन्हें पदों से अलग करे या वे स्वयं को अलग करे। वहीं चेताया कि कांग्रेस  पीड़िता का चीरहरण कराने की कोशिश न करें, क्योंकि अब कोई भी दोषी नही बचेगा।

उन्होंने मीडिया द्वारा पूछे सवालों के जवाब में प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत द्वारा राजनीति से संन्यास लेने की दी गई धमकी पर तीखा प्रहार करते हुए इसे महज जनता की सहानुभूति बटोरने का पाखंड और नया राजनीतिक ड्रामा करार दिया है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में उनके जैसे नेता को राजनीति से संन्यास लेने की धमकी देने या ढोंग करने की जरूरत नहीं पड़ती, क्योंकि जनता खुद-ब-खुद ऐसे नेताओं को राजनीति से बेदखल कर देती है। उन्होंने कहा कि इसका सबसे बड़ा और ताजा उदाहरण पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और स्वयं कांग्रेस पार्टी है। उत्तराखंड की जनता ने कांग्रेस को भ्रष्टाचार, अनैतिकता, तुष्टिकरण और विकास विरोधी होने का दोषी माना है और लोकतांत्रिक तरीके से लगातार चुनाव दर चुनाव उन्हें इसकी सजा दी है।

महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व और हरक सिंह रावत की नैतिकता पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि यदि कांग्रेस पार्टी और उनके नेताओं में जरा सी भी नैतिकता बची है, तो जब तक हरक सिंह रावत निर्दोष साबित नहीं हो जाते, तब तक कांग्रेस उन्हें पार्टी से निष्कासित करे या वे खुद नैतिकता के आधार पर अपने संगठनात्मक पदों से अलग हो जाएं। हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि ऐसी नैतिक जिम्मेदारी निभाना कांग्रेस और उसके नेताओं के चरित्र में संभव नजर नहीं आता। क्योंकि यदि ऐसा मानदंड अपनाकर उन्होंने हरक को बाहर किया तो उन्हें ऐसे दोषों के चलते आधे से ज्यादा नेताओं को बाहर बिठाना पड़ेगा।  भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस पूरे मामले में कानून को अपना काम करने दिया जाए। पुलिस निष्पक्षता से जांच करेगी और अंतिम सच जल्द ही सबके सामने आएगा। घ्वहीं कांग्रेस नेताओं को चेतावनी देते हुए श्री भट्ट ने कहा कि वे पीड़िता का चीरहरण कराने की ओछी कोशिश न करें। क्योंकि जब जांच का पूरा सच सामने आएगा, तो न तो कोई दोषी और न ही दोषियों का बचाव करने वाला कोई राजनीतिक मददगार बच पायेगा।

Post navigation