HTML tutorial
HTML tutorial

Uttarakhand News : सीएम धामी ने कहा जनप्रतिनिधियों के सुझाव से सुनियोजित विकास, अधिकारियों को दिए कई निर्देश…

प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के सुझाव से क्षेत्र का सुनियोजित विकास होता है, इसलिए अधिकारी जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाएं ताकि प्रदेश विकास के पथ पर अग्रसर हो।

वहीं सीएम धामी ने कहा, मानसून की तैयारियां समानांतर चलें। नालों व नहरों की नियमित सफाई की जाएं। साथ ही आपदा को लेकर सारी तैयारी सुनिश्चित की जाएं। सीएम धामी टिहरी जिले के तोला गांव में 50 परिवारों के 300 लोगों को रेक्स्यू करने पर स्थानीय प्रशासन की सराहना की। और कहा कि समय रहते पूरा गांव खाली नहीं किया जाता तो काफी जनहानि होती। हमें मिशन के तहत कार्य को अंजाम देना होगा। उन्होंने कहा कि मानसून सीजन खत्म के होने के बाद हम समस्याओं को भूल जाते है। इसलिए अब हमे भविष्य में आने वाली समस्याओं के लिए हमें जागरूक होकर कार्य करना होगा।

इसके अलावा जिन योजनाओं का शिलान्यास हो गया है उनका लोकार्पण भी अवश्य हो ताकि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों को समय से मिल सकें। वहीं उन्होंने सड़कों की खराब हालत को देखते हुए लोनिवि के मुख्य अभियंता को निर्देश दिए कि अस्थायी तौर पर सड़कें गड्ढा मुक्त हों और टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कर के 15 सितंबर से सडकों का कार्य शुरू कर 15 अक्तूबर तक पूरा किया जाएं। जबकि जहां-जहां मार्गों पर जेसीबी लगी हैं उनमें जीपीएस सिस्टम अनिवार्य रूप से लगे हो।

वहीं, जल जीवन मिशन के कार्यों पर मुख्यमंत्री ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए जेजेएम के मुख्य अभियंता को व्यवस्थाएं ठीक करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि शिकायत आने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी। जिन क्षेत्रों में पाइप लाइन डालने के लिए खुदाई की गई है वहां के गड्ढे एक सप्ताह में भर दिए जाएं। जबकि जिन क्षेत्रों जेजेएम के तहत लाइनें डाली गई हैं वहां लोगों को पेयजल मिले।

दूसरी तरफ, बैठक में मौजूद लालकुआं के विधायक डाॅ. मोहन सिंह बिष्ट ने बताया कि उनके क्षेत्र के साथ ही जिले में जल जीवन मिशन के कार्य पूर्ण नहीं हुए हैं। यहाँ पर केवल 40 से 50 प्रतिशत कार्य हुआ है। जिसके बाद धामी ने नोडल अधिकारी जेजेएम को समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

सीएम धामी ने बिजली बिलों में काफी त्रुटियां पाए जाने की बात भी कहीं। इसलिए जिन क्षेत्रों की शिकायत है उनके समाधान के लिए वहां शिविर लगाकर त्रुटियों को सही किया जाए। साथ ही ऊर्जा निगम के मुख्य अभियंता को स्मार्ट मीटर लगाने के निर्देश भी दिए।

वहीं इस गर्मी के सीजन में शहरी क्षेत्र में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है। सीएम धामी ने कहा इसके लिए शहर में तीन विद्युत स्टेशन स्वीकृत हो चुके हैं। इन पर शीघ्र कार्य शुरू हो। साथ ही शीशमहल प्लांट की क्षमता बढ़ाने के लिए प्रस्ताव की स्वीकृति मिल चुकी है। अगली गर्मी के मौसम से पहले यह कार्य पूर्ण कर लिया जाए।

सीएम ने कहा कि गोशालाओं के लिए धनराशि स्वीकृत कर दी गई है। वहीं अब शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ कर गोशालाओं को संचालित किया जाए। धामी ने वन अधिकारियों को जीर्णशीर्ण व सूखे पेड़ों को काटने के निर्देश भी दिए हैं।

इसके अलावा आयुक्त दीपक रावत ने बताया कि मंडल में जागेश्वर मार्ग भूस्खलन से बंद है। हालांकि सोमवार तक उसे खोल दिया जाएगा। साथ ही मंडल के आपदाग्रस्त 20,000 परिवारों को आर्थिक सहायता राशि मुहैया करा दी गई है।

दूसरी तरफ, डीएम वंदना ने बताया कि शहर में स्थायी गोशाला का निर्माण तीन करोड़ की लागत से 64 बीघा में किया जा रहा है जिसकी क्षमता दो से ढाई हजार पशुओं को रखने की होगी। जबकि कैंची धाम बाईपास जो 64 करोड़ की लागत से बनना है उसकी टेंडर प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। जून 2025 से पहले कार्य को पूर्ण हो जाएगा।

इस बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष बेला तोलिया, विधायक बंशीधर भगत, रामसिंह कैडा, सरिता आर्या, डाॅ. मोहन सिंह बिष्ट, जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, आयुक्त दीपक रावत, डीआईजी डाॅ. योगेंद्र रावत, डीएम वंदना, एसएसपी पीएन मीणा आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *