HTML tutorial
HTML tutorial

Congress: लोक सभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने शुरू किया ‘मेरे विकास का दो हिसाब’ अभियान, कार्यकर्ता घूमेंगे गांव-गांव …

आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी भी पूरी तरह से तैयारियों में जुट गई हैं। वहीं भाजपा को निशाने पर लेते हुए कांग्रेस ने ”मेरे विकास का दो हिसाब” अभियान शुरू किया है। बताया जा रहा है कि इस अभियान के तहत कांग्रेस गांव-गांव जाकर मोदी सरकार के 10 साल के विकास का हिसाब मांगेगी। वहीं प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों के प्रभारियों को भी इस अभियान के दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।

इसी संबंध में प्रदेश उपाध्यक्ष संगठन मथुरादत्त जोशी ने बताया कि कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए मेरे विकास का दो हिसाब अभियान शुरू किया है जिसमें केंद्र व प्रदेश में भाजपा सरकार से विकास का हिसाब मांगा है। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनाव में विकास के मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है। लेकिन कांग्रेस पार्टी ने देश के विकास व जनहित से जुड़े मुद्दे उठाकर भाजपा पर जनता की ओर से जवाब मांगने का निर्णय लिया है। उनका कहना है कि भाजपा ने हर चुनाव में जुमलेबाजी करके जनता को गुमराह किया। प्रदेश की जनता अब विकास का हिसाब चाहती है।

वहीं अब भाजपा इससे बचने का रास्ता ढूंढ रही है। मथुरादत्त जोशी ने बताया कि प्रदेश की पांच लोकसभा संसदीय क्षेत्रों के 70 विधानसभाओं में इस अभियान को मजबूती से चलाया जाएगा। कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर 10 सालों में किए विकास पर जवाब मांगेगी। उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में भाजपा ने कालाधन वापस लाने पर 15-15 लाख देंगे, दो करोड़ नौकरी देने का वादा किया था। लेकिन इस बार प्रदेश की जनता भाजपा के जुमलों पर भरोसा नहीं करेगी।

उन्होंने बताया कि कांग्रेस इस अभियान के माध्यम से किसान, युवा, बेरोजगार, महिला, व्यापारी के मुद्दों को उठाएगी। साथ ही कांग्रेस ने सवाल किया देश में बेरोजगारों की संख्या 83 प्रतिशत युवा क्यों हैं। 30 लाख सरकारी पद खाली क्यों हैं। देश में बड़े पूंजीपतियों का 16 लाख करोड़ माफ किया गया। लेकिन देश के किसान कर्ज से आत्महत्या क्यों कर रहे हैं। किसानों की आय दोगुनी कब होगी?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *