HTML tutorial
HTML tutorial

Dehradun News: सीएम धामी आज पहुंचे गोवर्धन सरस्वती विद्या मंदिर, किया 10वीं-12वीं बोर्ड के टाॅप-10 छात्रों को सम्मानित…

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज गोवर्धन सरस्वती विद्या मंदिर पहुंचे। जहाँ विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान की ओर आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल हुए। इस मौके पर उन्होंने उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा में शीर्ष 10 स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देखे सम्मानित किया। साथ ही सीएम धामी ने घोषणा करते हुए कहा कि गोवर्धन सरस्वती विद्या मंदिर में भवन निर्माण के लिए 60 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

वहीं इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद से अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के साथ ही युवा पीढ़ी को भारतीय मूल्यों से परिचित कराने और भारतीय संस्कृति के अनुरूप उनको शिक्षित करने की दिशा में काम कर रहा है। साथ ही विद्या भारती द्वारा संचालित सरस्वती शिशु मंदिर, विद्या मंदिर आज देश के कोने-कोने में हमारे देश के कर्णधारों को संस्कारवान बनाने में लगे हैं। यहाँ पर न केवल बच्चों को किताबी ज्ञान, बल्कि योग्य नागरिक बनाने की दिशा में कार्य कर रहे हैं। इन विद्यालयों में विद्यार्थियों को देशभक्ति, स्वदेशी चिंतन, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण और समसामयिक महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में उत्तराखण्ड में विद्या भारती द्वारा 500 से भी अधिक विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं, जहाँ एक लाख से भी अधिक विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। दूसरी तरफ विद्या भारती द्वारा आदिवासी बहुल क्षेत्रों और राज्य के सीमांत क्षेत्रों में भी सैकड़ों विद्यालय बनाए हैं। इसके अलावा भारत सरकार द्वारा विद्या भारती के सात स्कूलों को सैनिक स्कूल के रूप में स्थापित करने के लिए चयनित करने पर मुख्यमंत्री ने प्रसन्नता जताई।

इस कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, विधायक उमेश शर्मा काऊ, उत्तराखंड के प्रांत प्रचारक डा. शैलेन्द्र, भारतीय शिक्षा समिति के मंत्री, डाॅ. रजनीकांत शुक्ल, शिशु शिक्षा समिति के अध्यक्ष सुरेन्द्र मित्तल एवं अन्य गणमान्य शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *