HTML tutorial
HTML tutorial

Election 2024: मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने पोलिंग पार्टियों को राजनीतिक दल या निजी लोगों के आवास पर न रुकने और ईवीएम को साथ रखने के दिए निर्देश…

प्रदेश में आगामी लोक सभा चुनाव की तैयारी को लेकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम लगातार बैठके कर रहे हैं। वहीं इसी कड़ी में उन्होंने सचिवालय में सभी जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारियों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक ली। और कई जरूरी दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पोलिंग पार्टियां राजनीतिक दल या निजी व्यक्तियों के आवास पर किसी भी हालत में न रुकें। साथ ही पोलिंग पार्टियां जहां रात को विश्राम करें ईवीएम को भी अपने साथ रखें।

इसके अलावा मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि शाम पांच बजे के बाद कोई भी व्यक्ति मतदेय स्थल के गेट के भीतर न जा पाए। वहीं उन्होंने कहा दूरस्थ पोलिंग बूथ के लिए जिन पोलिंग पार्टियों को दो या तीन दिन पहले रवाना होना है, वो इस बात का खास ध्यान दे कि ईवीएम को तय मानकों वाले वाहनों में ही ले जाया जाए।

साथ ही मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मॉक पोल और वीवीपैट के बारे में भी जिला निर्वाचन अधिकारियों को जरूरी जानकारी साझा की। वहीं उन्होंने ईवीएम खराब होने की स्थिति में क्या कदम उठाए जाएं और क्या नही इस बारे में भी जरूरी दिशा निर्देश दिए। वहीं उन्होंने मॉक पोल का विवरण भी ठीक से दर्ज करने को कहा। इस वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने चैलेंज वोट, टेस्ट वोट, टेंडर वोट आदि के बारे में भी जानकारी दी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी निर्देश दिए कि शाम पांच बजे तक गेट के अंदर आए मतदाता को मतदाता पर्ची जरूर दे दी जाए। साथ ही शाम पांच बजे तक जो मतदाता मतदेय स्थल के गेट के भीतर आ चुके हैं, उनका मतदान हर हालत में करा लिया जाए। साथ ही मतदेय स्थलों पर भीड़ प्रबंधन, आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने, बूथ हेल्थ मैनेजमेंट प्लान और पोस्टल बैलेट आदि के बारे में भी जानकारी दी।

इस बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी नमामि बंसल, प्रताप शाह और मस्तू दास आदि अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *